We have all been criticising about what is not being done by the government. However, we rarely give our own solutions to any problem that we see. May be the suggestion is ridiculous - but still if we look things in a positive way may be we can suggest solutions which some one can like and decide to implement. I know this is very wishful thinking but this is surely better than just criticising.

Friday, December 19, 2025

बुजुर्गों की बुद्धि और युवाओं का ज्ञान

ज्ञान और बुद्धिमत्ता—ये दोनों शब्द अक्सर एक साथ बोले जाते हैं, लेकिन दोनों एक नहीं हैं। ज्ञान तथ्य और जानकारी का संग्रह है। बुद्धिमत्ता उस ज्ञान को समझदारी, विवेक और अनुभव के साथ लागू करने की क्षमता है। ज्ञान दिमाग भरता है, पर बुद्धिमत्ता जीवन को दिशा देती है। और जीवन के वरिष्ठ वर्षों में यही बुद्धिमत्ता हमारी सबसे बड़ी ताकत, हमारी सच्ची साथी और समाज के लिए हमारी अनमोल देन बन जाती है।

सोचिए—ट्रैफिक लाइट लाल हो जाती है, यह सभी जानते हैं। यह ज्ञान है। लेकिन सड़क खाली होने पर भी लाल बत्ती पर रुकना – यह बुद्धिमत्ता है। इसी तरह, यह जानना कि व्यायाम फायदेमंद है, ज्ञान है; लेकिन रोज टहलना, व्यायाम करना और अपनी सीमाओं का ध्यान रखना – यह बुद्धिमत्ता है।

उम्र बढ़ने का अनमोल उपहार

उम्र बढ़ने के साथ हमें एक अद्भुत वरदान मिलता है। गति थोड़ी कम हो सकती है, कुछ बातें भूल भी जाएं, लेकिन जीवन को समझने की क्षमता गहरी हो जाती है। हम खुशियों, चुनौतियों, गलतियों, रिश्तों और अनुभवों से गुज़र चुके होते हैं। हर अनुभव एक मोती बन जाता है – और इन मोतियों की माला ही बुद्धिमत्ता है।

  • युवा तेज भागते हैं। वरिष्ठ जानते हैं कि किस दिशा में भागना है।
  • युवा ऊर्जा लाते हैं। वरिष्ठ दृष्टि लाते हैं।

इसीलिए नेवर से रिटायर्ड की भावना इतनी महत्वपूर्ण है। नौकरी से रिटायर होना अनिवार्य है, पर सीखने और मार्गदर्शन देने से रिटायर होना बिल्कुल नहीं। वरिष्ठों के पास वह ख़जाना है जिसकी दुनिया को सबसे ज़्यादा आवश्यकता है – बुद्धिमत्ता।

बुद्धिमत्ता जीवन के छोटे-छोटे क्षणों में

बुद्धिमत्ता बड़े भाषणों में ही नहीं दिखती; यह छोटी-छोटी बातों में अपना प्रकाश बिखेरती है।

  • कब बोलना है और कब चुप रहना है – यह बुद्धिमत्ता है।
  • बहस में जीत से अधिक रिश्ते की गरमाहट – यह बुद्धिमत्ता है।
  • मिठाई पसंद है, पर स्वास्थ्य ज़्यादा ज़रूरी है – यह बुद्धिमत्ता है।
  • जीवन की प्राथमिकताओं को समझना – यही असली बुद्धिमत्ता है।

वरिष्ठ जीवन इन छोटी-छोटी बातों को गहराई से जीने का समय है – क्योंकि अब हमारे पास समय है, दृष्टि है, और अनुभव है।

सीखते रहना ही बुद्धिमत्ता है

बहुत से लोग मानते हैं कि सीखना केवल युवाओं के लिए है। पर सच्चाई यह है कि जीवनभर सीखना ही जीवनभर की बुद्धिमत्ता की नींव है। दुनिया बदल रही है – तकनीक, बैंकिंग, स्वास्थ्य, संवाद – सब कुछ तेज़ी से विकसित हो रहा है। जो वरिष्ठ सीखने की ललक बनाए रखते हैं, वे मानसिक रूप से चुस्त और लचीले बने रहते हैं।

  • बुद्धिमत्ता जिद्दी नहीं होती।
  • वह नहीं कहती – “मुझे सब आता है।”
  • वह कहती है – “मुझे थोड़ा और समझना है।”

UPI सीखना हो, योग सीखना हो, नई किताबें पढ़नी हों – हर नया ज्ञान, बुद्धिमत्ता को गहराई देता है।

बुद्धिमत्ता बांटना – हमारी जिम्मेदारी

वरिष्ठ समाज को जो सबसे बड़ी देन दे सकते हैं, वह है – मार्गदर्शन। आज दुनिया में जानकारी बहुत है, पर दिशा कम है। युवा दबाव और भ्रम का सामना कर रहे हैं। वे शायद हमसे अधिक जानकारी रखते हों, पर जीवन अनुभव डाउनलोड नहीं किया जा सकता।

  • आपके अनुभव, आपकी कहानियां, आपकी सीख – अनमोल हैं।
  • आपकी गलतियां दूसरों को बचाती हैं।
  • आपकी सफलताएं दूसरों को प्रेरित करती हैं।

जब आप अपनी बुद्धिमत्ता साझा करते हैं, तो आप खुद भी सक्रिय, उद्देश्यपूर्ण और उत्साहित रहते हैं।

सरलता की बुद्धिमत्ता

उम्र के साथ हम जान लेते हैं कि जीवन उतना जटिल नहीं है जितना हम बना लेते हैं।
वरिष्ठ जानते हैं:

  • स्वास्थ्य असली दौलत है।
  • रिश्ते सबसे बड़ा सुख हैं।
  • मन की शांति ही असली समृद्धि है।
  • कृतज्ञता से खुशी बढ़ती है।
  • गुस्सा ऊर्जा कम करता है।
  • समय अनमोल है।
    यही सरलता असली बुद्धिमत्ता है।

नेवर से रिटायर्ड – बुद्धिमत्ता जीवित रखें

नेवर से रिटायर्ड अभियान का संदेश स्पष्ट है – वरिष्ठ समाज का बोझ नहीं, बल्कि मार्गदर्शक प्रकाश हैं। हर वरिष्ठ चलता-फिरता ज्ञानकोष है। हर वरिष्ठ के पास जीवन की सीखें हैं जिन्हें दुनिया सुनना चाहती है।

  • ज्ञान किताबों से आता है।
  • बुद्धिमत्ता जीवन से आती है।

और यही आपकी सबसे अनमोल पूंजी है – इसे जिएं, बांटें और जश्न मनाएं। जीवनभर का ज्ञान ही, उम्रभर की बुद्धिमत्ता हैं। ध्यना रहें ज्ञान बहुत है, पर बुद्धिमत्ता दुर्लभ है। सीखते रहिए, समझते रहिए, आगे बढ़ते रहिए – यही हमारा ध्येय होना चाहिए।

बढ़ती उम्र में खुश रहने की कला

उम्र हमारी बढ़ती जा रही है। शरीर पहले जैसा चपल नहीं रहा – थोड़ी-थोड़ी कमजोरी महसूस होती है, कदम पहले जितने फुर्तीले नहीं रहते, और लंबे समय तक चहलकदमी भी अब डर का कारण बन जाती है। जवानी तो दूर, कुछ वर्ष पहले वाली ऊर्जा भी अब कभी-कभी सपने जैसी लगती है।

लेकिन इसके बावजूद हम दिन भर किसी न किसी काम में लगे ही रहते हैं। एक रूटीन बन गई है – सुबह उठिए, कुछ नियमित काम कीजिए, घर-परिवार की छोटी-मोटी जिम्मेदारियां निभाइए, और देखते-देखते शाम ढल जाती है। रात आती है तो थकान के बावजूद नींद पूरी आने में दिक्कत होती है। अगली सुबह फिर वही क्रम। ऐसा लगता है मानो जीवन एक चक्र में फंसा हुआ है, जो हमें आगे बढ़ने नहीं दे रहा।

अब वह समय आ गया है जब हम रुककर सोचें – क्या हमने कभी अपने लिए सचमुच समय निकाला है? क्या हमने खुद को खुश रहने का अधिकार दिया है?

हमारी जिम्मेदारियां बहुत हद तक पूरी हो चुकी हैं। बच्चे बड़े हो गए, उन्होंने अपने परिवार संभाल लिए। कई तो अब खुद दादा-दादी या नाना-नानी बन चुके हैं। अब वह समय है जब हम अपने जीवन को नए ढंग से देखें – उस नजर से जो खुशी, हल्केपन और आत्मसंतोष की तलाश करती हो।

बच्चों को समझाने का समय अब बीत चुका है

कुछ समय पहले मेरी एक 90 वर्षीय सज्जन से बातचीत हुई। उनके बेटे, जो अमेरिका में रहते हैं, उनसे मिलने भारत आए थे। बेटे की जीवनशैली देखकर उस सज्जन की पत्नी बोलीं—“बच्चें को समझाना चाहिए कि जिंदगी किस तरह चलानी है।” मैं मुस्कुराया और कहा, “अरे, वह अब 65 वर्ष का हो गया है। वह अब अपने बच्चों को समझाता है कि जिंदगी कैसे चलती है!” यह बात गहरे तक जाती है – हमारे बच्चों के बच्चे अब बड़े हो रहे हैं, और हम अभी भी सोचते हैं कि हमें अपने बच्चों को समझाना चाहिए! अब “समझाने” का समय नहीं – स्वयं को समझने और अपनी खुशी खोजने का समय है।

अब खुद से पूछिए – मेरी खुशी कहां बसती है?

यह सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है। जब जीवन के इतने वर्ष जिम्मेदारियों में बीतें, तब यह सवाल पूछना जरूरी हो जाता है – मुझे क्या करने में खुशी मिलती है? अब जीवन को खुशहाल बनाने के लिए मैं क्या-क्या कर सकता हूं?

अगर आपको दोस्तों से बात करने में खुशी मिलती है, तो फिर क्यों न हफ्ते में दो-तीन बार उनसे बातचीत को छोटा सा उत्सव बना दें? आज मोबाइल फोन हमारे हाथ में है – बस बटन दबाइए और दोस्त की आवाज कानों में गूंज उठेगी। बहुत से लोग सोचते हैं—“कहीं मैं फोन करके परेशान तो नहीं कर दूँ?” लेकिन यही हिचक हमें खुशी से दूर कर देती है। याद रखिए – आपके मित्र भी उतनी ही उत्सुकता से आपकी कॉल का इंतजार शायद कर रहें होंगे।

गाना, यादें और पुरानी महफिलें – इससे बेहतर खुशी और क्या!

कई वरिष्ठ जन अपने दोस्तों के बीच बैठकर पुराने फिल्मी गीत सुनाना, उनके मायने समझाना, और उन दिनों की यादें साझा करना बेहद पसंद करते हैं। पुराने गीतों का जादू ही कुछ और होता है – हर शब्द में अर्थ, हर धुन में भाव, हर पंक्ति मन को छू लेती थी।

जब आप गाते हैं, तो उम्र कम नहीं होती – मन जवान हो जाता है।

आजकल तो कई जगहों पर वरिष्ठ नागरिकों के ग्रुप बनने लगे हैं – जहां रोज गाना, हंसी-मजाक, कविता पाठ, भजन या लाइव म्यूजिक का माहौल बनता है। क्यों न आप भी इनमें शामिल हों? कौन जाने—आपके गीतों से प्रेरित होकर और लोग भी गाने लगें। और फिर, तारीफें सुनना किसे बुरा लगता है?

वाद्ययंत्रों की धुनों में छुपी है अपार खुशी

हो सकता है कि आपके पास अब भी कोई पुराना वाद्ययंत्र रखा हो – बैंजो, सितार, हारमोनियम या माउथ ऑर्गन। कभी-कभी इसे बाहर निकालिए… और पुराने दिनों की धुनें छेड़िए। आज के युवा तो शायद बैंजो का नाम भी न जानते हों, पर एक जमाना था जब यह हर महफिल की शान होता था। मेरे कई मित्र माउथ ऑर्गन बहुत ही शानदार बजाते थे—उसकी मधुर आवाज सुनकर घंटों मन शांत रहता था। अब वह साधन कहीं कोने में पड़ा है, धूल जमा रहा है। क्यों न फिर एक बार उसे जीवन में वापस बुलाए? वाद्य बजाने का आनंद सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं होता – यह मन को सुकून देता है, दिमाग को सक्रिय रखता है और आत्मा को तरोताजा कर देता है।

खुशी के लिए खुद को अधिकार दें

हम जिंदगी भर दूसरों के लिए जीते रहे – बच्चों के लिए, परिवार के लिए, समाज के लिए, काम के लिए। अब यह जीवन हमारा है। हमें खुद को यह अधिकार देना चाहिए कि – मैं खुश रहने के लिए समय निकाल सकता हूं। मैं वह कर सकता हूँ जो मेरे मन को शांति दे। मैं अपनी जिंदगी को अपने ढंग से जी सकता हूं। चाहे वह सुबह की चाय बालकनी में बैठकर पीना हो, चाहे किसी पुराने दोस्त से बात करना, चाहे संगीत सुनना, चाहे अपने शौक फिर से शुरू करना – हर वह चीज जो हमें मुस्कुराए, वह कीजिए।

याद रखिए – खुश रहने के लिए उम्र नहीं, मन चाहिए।

Thursday, December 04, 2025

वरिष्ठ जन – सीखते रहें, कुछ भी!

बढ़ती उम्र में एक ही गुरु मंत्र है, हम सीखते रहें हर पल, कुछ भी, कभी भी।

जिस दिन हम सीखना बंद कर देंगे तो सच मानिए इसी दिन हमारी वृद्धावस्था शुरू हो जाती है। सीखने को तो हम कुछ भी सीख सकते हैं, बस मन में दृढ़ निश्चय कर लें कि हमें सीखते रहना है। बढ़ती उम्र में भी यह मन में न आए कि हमें तो सब कुछ आता है – आखिर इतने वर्षों में हमने जो ज्ञान अर्जित किया है, उससे अधिक और क्या आवश्यकता है?

हो सकता है हम आज एक नया शब्द ही सीख लें। जब हम एक नया शब्द सीखते हैं तो मन में यह विचार आता है कि अरे, हम 70–75 वर्ष के हो गए और यह शब्द पहली बार जान रहे हैं – इसका तो कितना उपयोग हो सकता है! यही अनुभव सीखने की ऊर्जा बढ़ाता है। इस उम्र में हम नयी भाषा भी सीख सकते है।

इसी तरह हम कोई नई डिश बनाने का भी प्रयास कर सकते हैं। रसोई में काम करना केवल घर की महिलाओं के लिए नहीं है। आज अगर बुजुर्ग पुरुष भी कुछ व्यंजन बनाने की विधि सीख लें तो परिवार वाले उन्हें एक नए नजरिए से देखेंगे, उनकी तारीफ करेंगे। यह बदलाव न सिर्फ घर में उत्साह लाता है बल्कि वरिष्ठ जनों के आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। ऐसे समय में जब बुजुर्ग घर में अकेले रहते है या उस समय जब जिवन साथी अस्वस्थ हो तो यह हुनर बहुत उपयोगी रहता है।

बढ़ी उम्र में भी आप अपने शौक की कुछ नई चिज सीख सकते हैं। कोई म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट – हारमोनियम, बांसुरी, तबला – या फिर नया गाना, चाहे भजन हो या फिल्मी गीत, सब शुरू किया जा सकता है। इससे मन लगा रहता है और साथ ही समय व्यतीत करने का इससे अच्छा साधन क्या हो सकता है? मैं एक बुजुर्ग महिला को जानता हूं जिन्होंने बांसुरी सीखने का बीड़ा उठाया। आजकल तो यह भी आवश्यक नहीं कि कोई टीचर रखा जाए। आप ऑनलाइन भी यह सब सीख सकते हैं, और अपने ही घर से एक नई यात्रा शुरू कर सकते हैं।

सभी के हाथ में आज स्मार्टफोन है, लेकिन क्या हम इसे पूरी क्षमता से उपयोग करते हैं? आज कई ऐसे ऐप हैं जो मनोरंजन करते हैं, ज्ञान बढ़ाते हैं और दैनिक जीवन को आसान बनाते हैं। कई वरिष्ठ जन छोटे-छोटे कामों के लिए भी बच्चों पर निर्भर हो जाते हैं—जैसे नया ऐप इंस्टॉल करना, कोई सेटिंग बदलना, या कांटेक्ट सेव करना। लेकिन यह सब सीखने में मुश्किल कुछ नहीं। बल्कि, जब ये छोटे कौशल भी सीख लिए जाते हैं तो एक अद्भुत आत्मविश्वास आता है कि यह हम खुद कर सकते हैं।

कुछ दिन पहले की ही एक घटना बताता हूं। मैं एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ बैठा था जो कि टेक्नोलॉजी-सेवी हैं, फिर भी जरूरी नहीं कि हर चीज की जानकारी हो। वे काफी मैसेजिंग करते हैं। मैंने उन्हें बताया कि अब व्हाट्सऐप पर मैसेज टाइप करने की जरूरत नहीं – आप बोलिए, वह खुद टाइप हो जाएगा। बस एक बार पढ़कर भेज दीजिए। उन्हें यह सुविधा पता नहीं थी। जब उन्होंने इसे आजमाया, उनके चेहरे पर खुशी और आत्मबल साफ दिख रहा था।

इसी तरह कई वरिष्ठ लोग कांटेक्ट लिस्ट में नया नाम सेव करने या नंबर ढूंढने में कठिनाई महसूस करते हैं। वे कॉल हिस्ट्री में पुराने कॉल देखकर ही बात कर लेते हैं। लेकिन जब ये छोटी-छोटी चीजें सीख ली जाती हैं तो व्यक्ति के भीतर यह भावना आती है – हम किसी पर निर्भर क्यों रहें? हम तो खुद कर सकते हैं।

याद रखिए, जब तक आपके भीतर कुछ नया सीखने की जिज्ञासा रहती है, आप युवा माने जाएंगे। जिस दिन सीखना बंद हो गया, उसी दिन से बुढ़ापा शुरू हो जाता है, एक प्रकार से। और यह भी सच है कि आपके दिमाग को भी गतिविधि चाहिए। जैसे शरीर के लिए व्यायाम जरूरी है, वैसे ही दिमाग के लिए नई-नई चीजें सीखना उसका व्यायाम है। यह मानसिक सक्रियता आपको स्वस्थ, प्रसन्न और सामाजिक रूप से जुड़ा रखती है।

एक बात और – बुढ़ापे की ओर बढ़ना भी एक परीक्षा की तरह है। और इस परीक्षा में आपका सबसे बड़ा सहयोगी सिर्फ आप खुद हैं—आपका मन, आपका उत्साह और आपकी सीखते रहने की इच्छा। उम्र बढ़े पर हमारी जिज्ञासा नहीं घटनी चाहिए। हमें यह मान कर चलना चाहिए कि हम आजीवन विद्यार्थी हैं। सक्रिय जीवन की कुंजी यहीं है कि हम हर दिन कुछ नया करे।

सीखने की गतिविधियां जीवन की संतुष्टि को बढ़ाएंगी और इससे अवसाद की दर कम होगी। यह सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने में मदद करती है, संतुष्टि प्रदान करती है और हमारे मन को सतर्क और सक्रिय रखती है। नई गतिविधियों में संलग्न होने से उपलब्धि और उद्देश्य की भावना मिलती है, जो सकारात्मक उम्र बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण है।

सीखते रहिए, मुस्कुराते रहिए – क्योंकि नेवर से रिटायर्ड सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है।

बुजुर्गों से सीखें — सतत जीवन की कला

कल की सीख, आने वाले कल की सुरक्षा

आज के समय में जब सुविधा, उपभोग और बदलते ट्रेंड हमारी जीवनशैली पर हावी हैं, तब सतत जीवन (Sustainability) को अक्सर एक आधुनिक विचार माना जाता है। लेकिन सच यह है कि सबसे व्यावहारिक, प्रभावी और टिकाऊ जीवन की सीखें हमारे बुजुर्गों की आदतों और जीवन मूल्यों में छिपी हैं। उनके लिए “सस्टेनेबिलिटी” कोई नारा नहीं था—यह तो एक स्वाभाविक जीवन-शैली थी।

पारंपरिक सोच: एक पूर्ण और संतुलित जीवन-दृष्टि

हमारे बुजुर्ग उस दौर से आए हैं, जहां हर संसाधन की कद्र की जाती थी। बेवजह ख़र्च नहीं, बेवजह ख़रीद नहीं—उनका जीवन Reduce, Reuse, Repair के सिद्धांतों पर आधारित था। आज यही सिद्धांत पर्यावरण बचाने के लिए सबसे प्रभावी माने जाते हैं।

  1. Reduce – कम खरीदें, लेकिन समझदारी से जीएं
  2. Reuse – हर चीज़ को दूसरी जिंदगी दी जा सकती है
  3. Repair – जो टूटे उसे सुधारें, फेंकें नहीं
  4. पानी, बिजली और प्रकृति का संरक्षण
  5. दो पीढ़ियों का साथ: परंपरा और तकनीक का संगम

Reduce – कम खरीदें, लेकिन समझदारी से जीएं

पुरानी पीढ़ियां हमेशा जरूरत भर ही खरीदती थीं। न कोई फैशन का दबाव, न हर सप्ताह का शॉपिंग प्लान।
आज के युवाओं से अक्सर सुनने को मिलता है—

  • “अलमारी भरी है लेकिन फिर भी नए कपड़े ले आए।”
  • “कल मॉल गए थे, दो–तीन और चीजें खरीद लीं।”

सोशल मीडिया, ट्रेंड और पीयर प्रेशर लोगों को अनावश्यक खरीदारी की ओर धकेलते हैं, जिसका पर्यावरण पर गहरा असर पड़ता है।

पहले खरीदारी त्योहारों पर या किसी बड़े अवसर पर होती थी। आज तो मूड आया और शॉपिंग शुरू—घर बैठे ऑनलाइन, या मॉल में जाकर।

बुजुर्ग हमें याद दिलाते हैं कि समझदारी से खरीदना भी एक पर्यावरणीय जिम्मेदारी है।

Reuse – हर चीज़ को दूसरी जिंदगी दी जा सकती है

हम सबको वो दिन याद हैं—

  • बड़े भाई–बहनों के कपड़े छोटे पहनते थे
  • किताबें घर या पड़ोस के बच्चों को दे दी जाती थीं
  • सालों तक एक ही पाठ्यपुस्तक चलती थीदो पीढ़ियों का साथ: परंपरा और तकनीक का संगम आज अक्सर सिलेबस बदल जाता है, और नई किताबें खरीदनी पड़ती हैं।

लेकिन बुज़ुर्ग बताते हैं कि यदि हम चाहें तो हर वस्तु को दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है।

Repair – जो टूटे उसे सुधारें, फेंकें नहीं

  • पहले कोई चीज़ खराब हुई तो उसे ठीक किया जाता था— चाहे आयरन हो, टोस्टर हो, फर्नीचर हो या कपड़े।
  • आजकल छोटी सी खराबी पर लोग नई चीज ले आते हैं। मैकेनिक और दर्जी भी कम होते जा रहे हैं।
  • बुजुर्गों की मरम्मत की कला और “सहेज कर उपयोग” की आदतें आज बेहद जरूरी हैं।
  • सुई–धागा चलाना या बटन टांकना—ये कौशल कई युवाओं को आज आते ही नहीं।

पानी, बिजली और प्रकृति का संरक्षण

आज भी बड़े-बुजुर्ग अनचाही लाइटें, पंखे और नल बंद कर देते हैं। कुछ युवा कहते हैं कि वे सिर्फ पैसे बचाने के लिए ऐसा करते हैं। पर क्या पैसे बचाना गलत है? और सबसे बढ़कर—ऊर्जा और पानी जैसी दुर्लभ संसाधनों का संरक्षण हो रहा है। उनके जीवन में ऐसे दिन थे—

  • जब पानी कुछ घंटों के लिए ही मिलता था
  • जब बिजली कभी भी चली जाती थी
  • जब हर संसाधन को बचाना रोजमर्रा की आदत थी

उनका अनुभव उन्हें याद दिलाता है कि संसाधन सीमित हैं और उनका सावधानी से उपयोग ही भविष्य को सुरक्षित रख सकता है। वे हमें सिखाते हैं—

  • हर सामग्री का पूर्ण उपयोग
  • किचन वेस्ट से कम्पोस्ट बनाना
  • मौसमी सब्जी–फलों को उगाना
  • घर–आंगन में आने वाले पक्षियों और गिलहरियों को खाद्य देना

मैं स्वयं एक बुजुर्ग महिला को जानता हूं जो रोज सब्जियों और फलों के छिलके खिड़की पर रख देती हैं, और चिड़ियां, तोते और गिलहरियां उसे जल्दी ही खा जाती हैं। इससे कचरा भी कम होता है और जीव–जंतुओं का भोजन भी हो जाता है।

दो पीढ़ियों का साथ: परंपरा और तकनीक का संगम

सच्ची सततता तभी आती है जब बड़ी और युवा पीढ़ी एक साथ काम करें।

  • बुज़ुर्ग सिखा सकते हैं—
    • संसाधन बचत, मरम्मत कौशल, कम्पोस्टिंग, और जिम्मेदार उपयोग की आदतें
  • युवा सिखा सकते हैं—
    • ऊर्जा–कुशल उपकरण, स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी और पर्यावरण–अनुकूल नवाचार।

पुरानी समझ और नई तकनीक मिलकर ही एक बेहतर और टिकाऊ भविष्य बनाते हैं।

बुजुर्ग: सततता के शांत और सच्चे अग्रदूत

हमारे बुज़ुर्ग दशकों का अनुभव अपने भीतर समेटे होते हैं—परखा हुआ, मूल्यवान, और आज के पर्यावरणीय संकटों में अत्यंत उपयोगी। उनकी सोच प्रकृति से जुड़ी है और भविष्य की पीढ़ियों के हित से प्रेरित है। यदि हम उनकी बात सुनें, उनकी आदतें अपनाएं और उनके मार्गदर्शन को सम्मान दें, तो हम एक ऐसा भविष्य बना सकते हैं जो पर्यावरण के प्रति संवेदनशील, संतुलित और स्थायी हो।