We have all been criticising about what is not being done by the government. However, we rarely give our own solutions to any problem that we see. May be the suggestion is ridiculous - but still if we look things in a positive way may be we can suggest solutions which some one can like and decide to implement. I know this is very wishful thinking but this is surely better than just criticising.

Thursday, January 29, 2026

वरिष्ठजनों द्वारा मार्गदर्शन (मेंटोरिंग) का महत्व

वरिष्ठजन जब अपने अनुभवों के साथ मार्गदर्शन के लिए किसी युवा का हाथ थामते हैं, तो केवल एक व्यक्ति नहीं संवरता—एक सोच, एक परिवार और अंततः एक समाज दिशा पाता है। जीवन के लंबे सफर में सीखे गए सबक, देखे गए संघर्ष और अर्जित की गई समझ कोई साधारण पूंजी नहीं होती। यह वह धरोहर है, जो बांटी जाए तो पीढ़ियों को समृद्ध कर सकती है। फिर भी विडंबना यह है कि आज की तेज रफ्तार दुनिया में यह अमूल्य निधि अक्सर अनसुनी और अनदेखी रह जाती है।

आज हम बार-बार यह कहते हैं कि युवाओं में मूल्यों का क्षरण हो रहा है। रिश्तों में गर्माहट कम हो रही है, धैर्य घट रहा है और तात्कालिक सफलता को ही जीवन का अंतिम लक्ष्य मान लिया गया है। असफलता को स्वीकार करने की क्षमता कम होती जा रही है। इन सबके पीछे अनेक कारण हो सकते हैं, पर एक सच्चाई यह भी है कि पीढ़ियों के बीच संवाद कम होता जा रहा है। जब यह संवाद टूटता है, तो अनुभव और ऊर्जा के बीच की स्वाभाविक कड़ी भी कमजोर पड़ जाती है। यहीं वरिष्ठजनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

वरिष्ठ अपने साथ केवल स्मृतियां नहीं लाते, वे इतिहास को जीवंत रूप में लेकर आते हैं। उन्होंने अभाव के दिन देखे हैं, धीरे-धीरे मिली सफलताओं का स्वाद चखा है और असफलताओं से उबरने की कला सीखी है। वे जानते हैं कि जीवन में हर समस्या का समाधान तुरंत नहीं मिलता और हर रात के बाद सुबह अवश्य होती है। जब वे यह सब किसी युवा से साझा करते हैं, तो वह केवल प्रेरित नहीं होता—वह जीवन को समझना सीखता है।

संस्कृति और मूल्यों की बात करें तो वरिष्ठजन इसके सबसे सशक्त वाहक हैं। संस्कृति केवल त्योहारों या परंपराओं तक सीमित नहीं होती; यह दूसरों के प्रति संवेदना, बड़ों के प्रति सम्मान, और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना से बनती है। ये मूल्य भाषणों से नहीं, बल्कि आचरण से सिखाए जाते हैं। जब कोई युवा अपने दादा-दादी या किसी वरिष्ठ को जीवन को गरिमा और संतुलन के साथ जीते देखता है, तो वह अनजाने ही बहुत कुछ सीख लेता है।

आज तकनीक ने हमें सुविधाएं तो दी हैं, पर मानवीय संपर्क कम कर दिया है। ऑनलाइन खरीदारी ने दुकानदार से होने वाली सहज बातचीत भी छीन ली है। सोशल मीडिया ने संपर्क बढ़ाया है, पर रिश्तों की गहराई कम की है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों की संबंध-निर्माण की क्षमता युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी हो सकती है। वे जानते हैं कि रिश्ते समय, विश्वास और निरंतर संवाद से बनते हैं—लाइक्स और फॉलोअर्स से नहीं।

जीवन कौशलों की शिक्षा में भी वरिष्ठों का कोई विकल्प नहीं है। धैर्य, संयम, भावनात्मक संतुलन, आर्थिक विवेक और निर्णय क्षमता—ये सब अनुभव से उपजते हैं। बड़े-बड़े संस्थान इन्हें सैद्धांतिक रूप से सिखा सकते हैं, पर जीवन में उतारने की कला वरिष्ठ ही सिखा सकते हैं। कई बार एक साधारण-सी सलाह, जो अनुभव से निकली हो, जीवन की दिशा बदल देती है।

आज का युवा मानसिक दबाव, प्रतिस्पर्धा और अनिश्चित भविष्य के भय से जूझ रहा है। बहुतों के पास अपनी बात कहने वाला कोई नहीं है। ऐसे समय में किसी वरिष्ठ का शांत स्वर, बिना जजमेंट के सुनने का धैर्य और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन किसी औषधि से कम नहीं होता। वरिष्ठ केवल सलाह नहीं देते—वे भरोसा देते हैं कि जीवन को जिया जा सकता है।
समाज को अब यह समझना होगा कि वरिष्ठजन बोझ नहीं, बल्कि अमूल्य संसाधन हैं। उन्हें केवल सहायता पाने वाला वर्ग मानने के बजाय, ज्ञान देने वाला वर्ग मानना होगा। विद्यालयों, सामाजिक मंचों और सामुदायिक संस्थाओं में वरिष्ठों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

वरिष्ठों के लिए भी मेंटरशिप एक नया अर्थ लेकर आती है। यह उन्हें यह एहसास दिलाती है कि सेवानिवृत्ति का अर्थ निष्क्रियता नहीं है। जीवन का यह चरण भी उतना ही उपयोगी और सार्थक हो सकता है। यही “नेवर से रिटायर्ड” की आत्मा है—जहां अनुभव रुकता नहीं, बल्कि और अधिक उजाला फैलाता है।

यदि हम वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन को अपनाएं, तो हम केवल युवाओं का भविष्य नहीं संवारेंगे, बल्कि एक संवेदनशील, संतुलित और मजबूत समाज की नींव रखेंगे। अपने वरिष्ठों को सुनना, सम्मान देना और अवसर देना—यही हमारे प्रिय भारत को सच्चे अर्थों में सशक्त बनाएगा।

Monday, January 19, 2026

वृद्धाश्रम कितने आवश्यक हैं?

समाज की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए अब यह स्वीकार करना ही होगा कि भारत में भी वृद्धाश्रमों की आवश्यकता निरंतर बढ़ती जा रही है। वह समय अब केवल स्मृतियों में सिमट गया है जब संयुक्त परिवारों में बुजुर्ग, युवा और बच्चे एक साथ रहते थे। तब वृद्धाश्रम की कल्पना भी सामाजिक अपराध या पाप के समान मानी जाती थी। लेकिन समय बदला है, जीवनशैली बदली है और साथ ही पारिवारिक संरचना भी।

हमने अपने बच्चों को सर्वोत्तम शिक्षा दी, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रगति की, सफल हुए और अपने करियर के लिए हमसे दूर चले गए। गर्व से हम दूसरों को बताते रहे—“मेरा बेटा अमेरिका में है, लाखों रुपये महीना कमाता है।” ऐसे उदाहरण केवल गिने-चुने नहीं हैं; सैकड़ों परिवारों की यही कहानी है। केवल विदेश ही नहीं, देश के बड़े शहरों में भी हमारे बच्चे बेहतर अवसरों की तलाश में बस गए हैं।

इन परिस्थितियों में न तो बच्चे अपने मूल शहर या गांव लौटना चाहते हैं और न ही कई माता-पिता उनके साथ जाना पसंद करते हैं। अपनी जड़ों से जुड़ाव, सामाजिक परिवेश, भाषा और जीवनशैली—इन सबके कारण बुजुर्ग अक्सर अपने ही स्थान पर रहना बेहतर समझते हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, निजी स्वतंत्रता और आत्मसम्मान भी ऐसे निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पिछले सप्ताह मुझे रांची स्थित एक वृद्धाश्रम जाने का अवसर मिला। वहां की व्यवस्था देखकर सुखद आश्चर्य हुआ। अपेक्षाकृत कम खर्च में स्वच्छ, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन की व्यवस्था थी। लगभग पचास बुजुर्ग वहां निवास कर रहे थे। यह वृद्धाश्रम आर्य ज्ञान प्रचार समिति द्वारा संचालित है और वर्ष 2000 से लगातार सेवा में संलग्न है।

लौटते समय मुझे उनकी पत्रिका ‘जीवन संध्या’ दी गई। उसमें वहां रहने वाले बुजुर्गों के अनुभव पढ़ने को मिले। इन अनुभवों से यह समझने का अवसर मिला कि किन परिस्थितियों में लोग वृद्धाश्रम तक पहुंचते हैं—और यह भी कि इनमें से अधिकांश कारण नकारात्मक नहीं, बल्कि जीवन की वास्तविकताओं से जुड़े होते हैं।

एक दंपत्ति ने लिखा कि बच्चों के बिना उन्हें गहरा अकेलापन महसूस होने लगा था। घर के दैनिक काम संभालना कठिन हो गया था और मानसिक शांति भी समाप्त हो चुकी थी। वृद्धाश्रम में आकर उन्हें न केवल सहारा मिला, बल्कि समान आयु वर्ग के लोगों के साथ रहने से जीवन में फिर से उत्साह लौटा।

एक अन्य महिला ने लिखा कि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी थी। पति के निधन के बाद घर पूरी तरह सूना लगने लगा। वृद्धाश्रम में आकर उन्हें फिर से अपनापन और उद्देश्य मिला।

एक कहानी अत्यंत मार्मिक भी थी। वह लिखती हैं कि उनके चार पुत्र और एक पुत्री हैं। चालीस वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने पर भी कोई संतान उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नहीं हुई। तब उन्हें एहसास हुआ कि बच्चों का लगाव उनसे नहीं, उनकी आर्थिक स्थिति से था। उम्र और बीमारी के कारण शारीरिक रूप से वे असमर्थ हो चुकी थीं और मानसिक रूप से भी टूट चुकी थीं। ऐसे अंधकारमय समय में यह वृद्धाश्रम उनके लिए प्रकाश की किरण बनकर सामने आया।

इस वृद्धाश्रम की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले समाजसेवी श्री एस. एल. गुप्ता कहते हैं—
“मेरा मानना है कि आदर्श समाज में वृद्धाश्रम होने ही नहीं चाहिए, क्योंकि यह भारतीय संस्कारों के विरुद्ध है। लेकिन आज की परिस्थितियों में कई बार यही वृद्धाश्रम बुजुर्गों के लिए संजीवनी बूटी सिद्ध होते हैं। वरना वे जाएं तो कहां जाएं?”

आज की सामाजिक सच्चाइयों को देखते हुए कई लोग मानते हैं कि आने वाले वर्षों में भारत जैसे देश में बड़ी संख्या में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता पड़ेगी। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हम बुजुर्गों के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पाएंगे।

आज वृद्धाश्रम विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध हैं—उच्च सुविधाओं वाले आधुनिक आश्रमों से लेकर सामान्य सेवा-भाव से संचालित संस्थाओं तक। लेकिन इस क्षेत्र में सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए सरकार की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है। इच्छुक संस्थाओं को कर-छूट, सस्ती भूमि, जीएसटी में रियायत और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

इसके साथ ही वृद्धाश्रमों के पंजीकरण और न्यूनतम मानकों की स्पष्ट व्यवस्था भी आवश्यक है। वर्तमान में देश में कुल कितने वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं, इसका कोई प्रमाणिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। विभिन्न स्रोतों के अनुसार यह संख्या लगभग 700 से 1300 के बीच बताई जाती है। ऐसे में सरकार के पास एक ठोस डाटा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि गुणवत्ता और निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

अब यह स्पष्ट है कि वृद्धाश्रम केवल भावनात्मक विषय नहीं, बल्कि एक सामाजिक आवश्यकता बन चुके हैं। अनुमान है कि वर्ष 2050 तक भारत में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या लगभग 32 करोड़ हो जाएगी। इस वास्तविकता को स्वीकार करते हुए हमें यह समझना होगा कि वृद्धाश्रम त्याग का प्रतीक नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का एक विकल्प हैं।

बुजुर्गों की सुरक्षा: छोटी सावधानियां, बड़ा संरक्षण

पिछले दिनों एक परिचित 87 वर्षीय महिला बाथरूम में गिर गईं। दुर्भाग्यवश उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया और वे कोमा में चली गईं। इस आयु में ऐसी घटनाएं अब अक्सर सुनने को मिल जाती हैं। परंतु सबसे अधिक पीड़ा इस बात की हुई कि इतनी अधिक उम्र में भी वे बाथरूम का दरवाज़ा अंदर से बंद करके उपयोग करती थीं। उस दिन भी ऐसा ही हुआ।

जब काफी देर तक वे बाहर नहीं आईं, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। कोई उत्तर न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया और वे ज़मीन पर अचेत अवस्था में पाई गईं। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

कहने का तात्पर्य यह है कि बुजुर्ग व्यक्तियों को बाथरूम का उपयोग करते समय दरवाज़ा अंदर से बंद नहीं करना चाहिए। निजता आवश्यक है, पर सुरक्षा उससे भी अधिक महत्वपूर्ण। इसका एक अत्यंत सरल समाधान एक सजग व्यक्ति ने अपनाया—उन्होंने बाथरूम के भीतर पर्दा लगवा लिया। दरवाज़ा केवल बंद किया, चिटकनी नहीं लगाई, परदा खींचा, और समस्या का समाधान हो गया। पहले के समय में यह आम बात थी, और आज भी कई घरों में यह व्यवस्था देखने को मिल जाती है।

आज के इस लेख में हम ऐसी ही कुछ और छोटी-छोटी, पर अत्यंत महत्वपूर्ण सावधानियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इनमें से कुछ बिंदु पहले के लेखों में भी आए होंगे, पर दोहराना आवश्यक है। अपने जीवन के सुनहरे वर्षों में इन साधारण सावधानियों को अपनाकर हम अनेक बड़ी परेशानियों से बच सकते हैं।

कुछ आवश्यक सावधानियां:

  • बाथरूम में ग्रैब बार्स या सपोर्ट हैंडल अवश्य लगवाएं।
  • एंटी-स्किड मैट का प्रयोग सुनिश्चित करें।
  • बाथरूम में पहनने वाली चप्पलों की सोल घिसी हुई न हो।
  • बाथरूम को यथासंभव सूखा रखने पर विशेष ध्यान दें।
  • सीढ़ियां चढ़ते-उतरते समय साइड रेलिंग को अवश्य पकड़ें। आवश्यकता हो तो नई रेलिंग लगवाएं।
  • जिन कुर्सियों में व्हील लगे हों, उनका उपयोग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।

यदि पीछे रखा कोई सामान उठाना हो, तो केवल हाथ पीछे घुमाकर उसे उठाने का प्रयास न करें। इसके बजाय अपने पूरे शरीर को मोड़ें और फिर सामान उठाएं। इससे जोड़ों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता। कई बार गलत ढंग से सामान उठाने पर नस चढ़ जाती है, और ठीक होने में लंबा समय लग जाता है।

अब थोड़ी चर्चा मोबिलिटी—अर्थात चलने-फिरने की क्षमता—पर। बढ़ती उम्र में हमें अपने पैरों पर विशेष ध्यान देते हुए चलने की प्रक्रिया को मस्तिष्क में केंद्रित करना चाहिए। उम्र बढ़ने के साथ चलते समय हमारे पैर पहले जितने ऊपर नहीं उठते, जिससे ठोकर लगने की संभावना बढ़ जाती है। ज़मीन पर बिछी साधारण-सी मैट भी कभी-कभी बाधा बन सकती है। एक मामूली-सी मोच भी बुजुर्गों के लिए लंबे समय की परेशानी का कारण बन सकती है।

  • विशेषज्ञों का कहना है कि चलते समय पैरों पर नहीं, बल्कि सामने की दिशा पर ध्यान रखें।
  • चलते समय मोबाइल फोन का उपयोग कतई न करें।

घर को बुजुर्ग-अनुकूल बनाना अत्यंत आवश्यक है। यथासंभव वरिष्ठ व्यक्तियों के लिए नीचे के तल पर रहने की व्यवस्था होनी चाहिए। बाथरूम के भीतर आवश्यक प्रबंधों पर पहले भी चर्चा की जा चुकी है। घर की ज़मीन गीली न रहे, और जब सफ़ाई हो रही हो, उस समय बुजुर्गों का एक स्थान पर बैठा रहना ही बेहतर होता है।

वैसे तो किसी भी उम्र का व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है, पर बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखना ही होगा। एक बात जो कई वरिष्ठजनों में देखने को मिलती है, वह यह कि वे यह मानने को तैयार नहीं होते कि अब उनकी उम्र बढ़ चुकी है। भारी सामान उठाने से तो बचना ही चाहिए, हल्का सामान उठाने से भी परहेज करना आवश्यक है, खासकर आगे झुककर। स्लिप-डिस्क या फ्रोजन शोल्डर आजकल आम समस्याएं हो गई हैं। ये ऐसी असुविधाएं हैं जिनके ठीक होने में महीनों लग जाते हैं और दर्द भी काफ़ी होता है। अधिक दर्द निवारक दवाएं लेने से अन्य दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं।

मैंने यहां कुछ ऐसी ही छोटी-छोटी सावधानियों का उल्लेख किया है। हम सबके जीवन में ऐसे अनेक अनुभव रहे होंगे, जिनसे दूसरों को सीख मिल सकती है। यदि हम अपने अनुभव साझा करें, तो किसी और की बड़ी दुर्घटना टल सकती है।

आप Never Say Retired की वेबसाइट, फ़ेसबुक पेज या व्हाट्सएप चैनल पर अपने विचार साझा करें। ऐसे और बिंदु बताइए जिनसे अन्य वरिष्ठजन सतर्क हो सकें।

आपका एक अनुभव किसी के लिए सुरक्षा कवच बन सकता है।

वरिष्ठजन – आपकी उपस्थिति स्वयं में एक आशीर्वाद है

जब हम एक नए वर्ष में कदम रखते हैं, तो हमारे मन में कई प्रकार की भावनाएं होती हैं—जीवन के प्रति कृतज्ञता, उन प्रियजनों की स्मृतियां जो अब हमारे साथ नहीं हैं, और आने वाले समय को लेकर स्वाभाविक चिंताएं। उम्र के साथ उत्सव शांत हो जाते हैं, चिंतन गहरा होता जाता है और अपेक्षाएं सरल हो जाती हैं। ऐसे समय में सकारात्मकता वास्तविकता से मुंह मोड़ना नहीं, बल्कि एक सचेत और परिपक्व निर्णय होता है। और वरिष्ठजनों के लिए यही निर्णय सुखद और गरिमामय वृद्धावस्था की नींव बनता है। आइए, इस नए वर्ष की शुरुआत केवल सकारात्मक भावनाओं के साथ करें, क्योंकि हमारे स्वर्णिम वर्षों में सकारात्मकता कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है।

आज हम जीवित हैं, उपस्थित हैं—यह स्वयं में एक बड़ा आशीर्वाद है। इस तथ्य को हम अक्सर भूल जाते हैं। आज की दुनिया तेज़ी, लक्ष्य और उपलब्धियों के पीछे भाग रही है। ऐसे वातावरण में वरिष्ठजन संतुलन और स्थिरता प्रदान करते हैं। हमारे बच्चे, पोते-पोतियां और समाज, सभी हमारी उपस्थिति से चुपचाप लाभान्वित होते हैं। यह शांत उपस्थिति अमूल्य है, जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यह परिवारों को भरोसा देती है, भावनात्मक सुरक्षा प्रदान करती है और जीवन में निरंतरता का भाव बनाए रखती है।

हमारी यह शांत उपस्थिति युवाओं की बेचैनी को भी कम करती है। भले ही वे इसे शब्दों में न कहें, लेकिन वे हमारे अनुभव और स्थिरता से ऊर्जा पाते हैं। यह आवश्यक नहीं कि हम हर समय सलाह दें या मार्गदर्शन करें। कई बार बिना टोके, बिना जज किए, केवल सुन लेना ही सबसे बड़ा उपहार होता है। सहानुभूति से भरी चुप्पी, अक्सर लंबे भाषणों से अधिक प्रभावी होती है।

जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, हमारे तर्क-वितर्क भी बढ़ने लगते हैं। वर्षों के अनुभव के कारण हमारी राय दृढ़ हो जाती है, कभी-कभी कठोर भी। हमें लगता है कि हमने जीवन बहुत देख लिया है, इसलिए हमारा दृष्टिकोण सही ही होगा। परंतु वास्तविक बुद्धिमत्ता इसमें है कि हर परिस्थिति में प्रतिक्रिया देना आवश्यक नहीं होता। हमें तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए और अनावश्यक बहसों से दूरी बनानी चाहिए। हर मुद्दे पर सहमत होना जरूरी नहीं है। कई बार असहमति को स्वीकार करना ही समझदारी होती है।

इस उम्र में संबंधों को बनाए रखना, छोटी-छोटी बहसें जीतने से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। तर्क जीतने से इस अवस्था में कोई स्थायी आनंद नहीं मिलता। आप सही हो सकते हैं, लेकिन परिपक्वता इस बात में है कि शांति को प्राथमिकता दी जाए। आज वरिष्ठजन व्हाट्सऐप जैसे माध्यमों पर भी सक्रिय हैं। वहां भी हमें सावधानी बरतनी चाहिए। बेवजह की बहसें, तीखी प्रतिक्रियाएं और अंतहीन चर्चाएं हमारे मानसिक संतुलन को बिगाड़ देती हैं। यहां भी मौन कई बार सबसे बेहतर उत्तर होता है।

यह भी समझना आवश्यक है कि दूसरों को सुधारना हमारा कर्तव्य नहीं है। हर व्यक्ति की सोच उसके अनुभव, परिवेश और संस्कारों से बनती है। यदि किसी की राय हमसे भिन्न है, तो उसे स्वीकार करना चाहिए। हमें जीवन में इतने विविध लोग मिले हैं कि सभी को एक ही दृष्टि से देखना व्यर्थ है। जीवन हर व्यक्ति को अपने ढंग से और अपने समय पर सिखाता है। अब हमारी भूमिका सिखाने की नहीं, समझने की है।

अक्सर घर में या बाहर, युवा हमारी समझाइश को पक्षपात या हस्तक्षेप मान लेते हैं। भीतर से वे जानते हैं कि बात सही है, लेकिन अहंकार आड़े आ जाता है। ऐसे समय में धैर्य और भावनात्मक दूरी अधिक उपयोगी होती है। अनुभव बताता है कि स्वयं सीखे गए सबक अधिक गहरे उतरते हैं।

इसलिए हमें अनावश्यक विवादों से दूर रहना चाहिए। छोटे-छोटे दुखों को निगलकर आगे बढ़ना सीखना चाहिए, क्योंकि अंततः हम खुश रहना चाहते हैं। विवादों से बचना कमजोरी नहीं, बल्कि एक सजग और गरिमामय निर्णय है। इस उम्र में खुशी अत्यंत मूल्यवान और नाज़ुक होती है। शांति वास्तव में आत्म-देखभाल का सर्वोच्च रूप है।

डॉक्टर भी बार-बार हमें तनाव से बचने की सलाह देते हैं, क्योंकि तनाव का सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। मानसिक शांति, दीर्घायु और बेहतर स्वास्थ्य—तीनों आपस में जुड़े हुए हैं। सभी विशेषज्ञ इस बात से सहमत हैं कि शांत मन जीवन को लंबा और स्वस्थ बनाता है।
बुज़ुर्ग होना अप्रासंगिक होना नहीं है, बल्कि परिष्कृत होना है। शोर की जगह विवेक लेता है, कठोरता की जगह कोमलता और जल्दबाज़ी की जगह गरिमा।

अंत में, हमें यह याद रखना चाहिए कि वरिष्ठजन न केवल परिवार और समाज के लिए, बल्कि स्वयं अपने लिए भी एक आशीर्वाद हैं। 2026 और उसके आगे भी, हमें अपने अस्तित्व को महत्व देना चाहिए। तब हमारे ये स्वर्णिम वर्ष वास्तव में उद्देश्यपूर्ण, प्रसन्न, स्वस्थ और गरिमामय बनेंगे।

नव वर्ष पर वरिष्ठजनों के संकल्प

एक वर्ष और बीत गया। 2026 के आगमन के लिए हम सब तैयार खड़े हैं। हम सचमुच खुशनसीब हैं कि अपने जीवन का एक और वर्ष पूरा कर पाए। इस यात्रा में हमारे कुछ प्रियजन हमसे बिछुड़ भी गए, जिनकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी।

अब हमारा दायित्व है कि जब तक ऊपर से बुलावा न आए, तब तक जीवन को सुचारु, सार्थक और सकारात्मक रूप से जीते रहें। अपनी बुद्धि का सदुपयोग करें, स्वस्थ रहें, खुश रहें, दूसरों को खुश रखें और समाज के लिए कुछ न कुछ करते रहें—यही हमारी जीवन-दृष्टि होनी चाहिए।

नव वर्ष 2026 के अवसर पर हम वरिष्ठजन यदि केवल तीन संकल्प ले लें, तो आने वाले वर्ष सचमुच अर्थपूर्ण बन सकते हैं—

पहला संकल्प:

हम मन में यह दृढ़ विश्वास रखें कि हम वरिष्ठ हैं, बूढ़े नहीं।

दूसरा संकल्प:

हम अपनी सेहत को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे—खुद भी खुश रहेंगे और दूसरों को भी खुश रखेंगे।

तीसरा संकल्प:

हम समाज के प्रति अपने दायित्व को समझेंगे और उसे निभाएंगे।

अब पहले संकल्प पर विचार करें।

उम्र तो प्रतिदिन बढ़ रही है, यह एक स्वाभाविक सत्य है। पर उम्र बढ़ने का अर्थ यह नहीं कि हम बूढ़े होते जा रहे हैं। हमें बुढ़ापे और वरिष्ठता के बीच का अंतर समझना होगा। इसी विषय पर मैंने एक वर्ष पहले एक लेख भी लिखा था—“हम वरिष्ठ हैं, बूढ़े नहीं।” हमारी सबसे बड़ी पूंजी यही है कि हमने जीवन भर अनुभव अर्जित किए हैं और आज भी अपने विवेक से जीवन को संवारने की क्षमता रखते हैं।

ध्यान रखिए—

बुढ़ापा सहारे की तलाश करता है, जबकि वरिष्ठता दूसरों को सहारा देती है।

बुढ़ापा अपने अंतिम समय की प्रतीक्षा करता है, जबकि वरिष्ठता इन अंतिम वर्षों में भी एक नई सुबह की उम्मीद रखती है।

आने वाले वर्षों के लिए हमारा संकल्प यही होना चाहिए कि हम इस अंतर को समझें और जीवन का आनंद पूरे मन से उठाते रहें।

अब दूसरे संकल्प की बात करें।

इस पर अधिक कहने की शायद आवश्यकता ही नहीं है, क्योंकि हम सभी इसके महत्व से भली-भांति परिचित हैं। इस उम्र में अपने शरीर और मन का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। जब हम स्वस्थ रहेंगे तभी हम आत्मनिर्भर रह पाएंगे, और तभी दूसरों के काम भी आ सकेंगे। आज ही मन में यह ठान लें—हम अपनी सेहत का ध्यान रखेंगे, इसे प्राथमिकता देंगे, खुश रहेंगे और दूसरों को भी खुश रखेंगे।

अपने मोहल्ले में, अपनी हाउसिंग सोसाइटी में वरिष्ठजनों का एक समूह बनाइए। साथ मिलकर गाइए, नाचिए, योग और व्यायाम कीजिए, हंसी-मजाक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लीजिए। नए-नए प्रयोग करते रहिए। जब आप खुश रहेंगे, तो आपके आसपास का वातावरण भी स्वतः ही खुशहाल हो जाएगा। यही तो जीवन जीने की सच्ची कला है।

अब आते हैं तीसरे और अंतिम संकल्प पर।

मेरा दृढ़ विश्वास है कि अब समय आ गया है जब हम समाज के प्रति अपने दायित्व को गंभीरता से निभाएं। जीवन भर समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है। हम अपनी जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त रहे कि व्यक्तिगत दायरे से बाहर देखने का अवसर ही नहीं मिला।

अब, जबकि हम अपनी सक्रिय पेशेवर जिंदगी से निवृत्त हो चुके हैं, तो यह सही समय है कि हम समाज-सेवा की ओर कदम बढ़ाएं।

अवसरों की कोई कमी नहीं है। हमें केवल यह सोचना है कि हमारा मन किस कार्य में लगता है और किस कार्य से हमें आत्मसंतोष मिलेगा। जब हम अपने विवेक से ऐसा कार्य चुनते हैं, तो उससे समाज का भी भला होता है और हमें भी गहरी संतुष्टि मिलती है।

सामाजिक कार्य का एक बड़ा लाभ यह भी है कि हमें ऐसे लोगों का साथ मिलता है जो सकारात्मक सोच रखते हैं और सेवा-भाव से जुड़े होते हैं।

दूसरों की सेवा से जो आनंद मिलता है, उसका सीधा और सकारात्मक प्रभाव हमारी शारीरिक और मानसिक सेहत पर पड़ता है। हम अधिक प्रसन्न रहते हैं, घर का वातावरण सुखद बनता है और जीवन के प्रति उत्साह बढ़ता है—जिससे हमारी जीवन-प्रत्याशा भी बढ़ती है।

2026 और उसके बाद के वर्षों के लिए यदि हम यह संकल्प लेकर आगे बढ़ें कि हमें स्वस्थ रहना है, खुश रहना है और दूसरों की सेवा करनी है, तो निश्चय ही हमारा शेष जीवन भी सुंदर और सार्थक होगा। ये संकल्प केवल मन में न रहें—इन्हें जीवन में उतारने का दृढ़ निश्चय आज ही करें।

तेजी से बढ़ती वरिष्ठ नागरिकों की आबादी

भारत इस समय एक अनोखे जनसांख्यिकीय मोड़ पर खड़ा है। आज दुनिया हमें सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देश के रूप में जानती है, लेकिन इसी बीच एक अधिक आयु वाले भारत की नींव भी तेजी से बन रही है। 9 दिसंबर को लोकसभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने जानकारी दी कि देश में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या अभूतपूर्व गति से बढ़ रही है। वर्ष 2011 में 60 वर्ष से ऊपर की आबादी 10.16 करोड़ थी, जो 2036 तक बढ़कर 22.74 करोड़ हो जाएगी। यानी अगले कुछ वर्षों में हमारी जनसंख्या पिरामिड का स्वरूप बहुत बदल जाएगा।

यह परिवर्तन कई अवसरों और चुनौतियों को साथ लाता है। मंत्री ने बताया कि बढ़ती आयु के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक निर्भरता, डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच और भावनात्मक सहारे जैसी चिंताएं भी तेजी से बढ़ती हैं। सरकार यह भी मानती है कि संयुक्त परिवार की पारंपरिक संरचना और रिश्तों की प्रकृति पहले जैसी नहीं रही। रोजगार की तलाश में दूर शहरों या विदेश जाना, छोटे परिवार, और बदलती जीवनशैली—इन सबने वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाला स्वाभाविक सामाजिक व भावनात्मक सहारा कम कर दिया है।

इन्हीं जरूरतों को देखते हुए सरकार ने 1 अप्रैल 2021 से “अटल वयो अभ्युदय योजना” (AVYAY) लागू की है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सहायता और सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही, “राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक परिषद” का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार करते हैं। यह परिषद वरिष्ठ जनों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ सलाह देती है।

इसके बावजूद एक बड़ी सच्चाई यह है कि भारत भले ही आज युवा दिखता हो, लेकिन यह युवा लाभ हमेशा नहीं रहने वाला। विकसित देशों ने पहले से ही वृद्ध आबादी के दबाव को झेला है, और आने वाले दशकों में भारत भी समान परिस्थितियों का सामना करेगा। 2036 तक करीब 15% भारतीय आबादी वरिष्ठ नागरिक होगी—यानी हर सातवां भारतीय वृद्ध होगा।

इस बदलाव का एक स्पष्ट प्रभाव है—अकेले रहने वाले बुजुर्गों की बढ़ती संख्या। कामकाज के कारण बच्चे बाहर चले जाते हैं, और माता-पिता अपनी जड़ों, अपने पड़ोस, अपनी परिचित जीवनशैली से जुड़े रहना पसंद करते हैं। यह दूरी प्रेम की कमी नहीं, बल्कि परिस्थितियों का परिणाम है। विदेशों में अकेलापन अधिक है—जहाँ सैर पर निकले बुजुर्ग को पड़ोसी और दुकानदार सम्मान से अभिवादन करें, ऐसा भारतीय सौहार्द वहां दुर्लभ है। वहीं बच्चों के लंबे कार्य-घंटों के कारण बुजुर्ग दिन भर अकेले पड़ जाते हैं।

इस परिस्थिति ने वरिष्ठ निवासों और वृद्धाश्रमों की मांग बढ़ाई है। जो बात कभी सामाजिक रूप से स्वीकार्य नहीं मानी जाती थी, आज व्यावहारिक समाधान बन चुकी है। अब हर श्रेणी के वरिष्ठ निवास उपलब्ध हैं—बुनियादी देखभाल से लेकर प्रीमियम असिस्टेड-लिविंग सुविधाएं तक। रियल एस्टेट क्षेत्र भी तेजी से इस दिशा में सक्रिय हुआ है।

एक और बड़ा कारण है—बढ़ती दीर्घायु। बेहतर जीवनशैली और जागरूकता के कारण 80 वर्ष पार करना अब आश्चर्य की बात नहीं। कुछ दशक पहले सत्तर वर्ष की आयु को ही पूर्ण जीवन माना जाता था, जबकि आज अस्सी-पचासी वर्ष के सक्रिय लोग सहज मिल जाते हैं। यह प्रगति का प्रतीक है, लेकिन इसके साथ वित्तीय चुनौतियां भी बढ़ गई हैं।

सेवानिवृत्ति लाभ और पेंशन महंगाई की गति के आगे कमजोर पड़ जाते हैं। स्वास्थ्य व्यय सबसे बड़ी चिंता बन गया है। गंभीर बीमारियों के बिना भी नियमित दवाइयां, दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, नेत्र देखभाल और श्रवण यंत्र जैसे खर्च सीमित संसाधनों पर भारी पड़ते हैं। कई वरिष्ठ नागरिक आवश्यकताओं और इच्छाओं के बीच कठिन चुनाव करने को मजबूर होते हैं।

एक कड़वी सच्चाई यह भी है कि जीवन के अंतिम कुछ सप्ताहों में होने वाला चिकित्सा खर्च अक्सर पूरे जीवन में हुए खर्च के बराबर होता है—कई परिवारों के लिए यह भावनात्मक और आर्थिक बोझ बन जाता है।
इन सभी बातों से एक स्पष्ट संदेश मिलता है—भारत को अपने वृद्ध भविष्य के लिए सामाजिक, आर्थिक, भावनात्मक और संरचनात्मक रूप से तैयार होना ही होगा। लेकिन तैयारी का अर्थ भय नहीं, बल्कि सशक्तिकरण है। हमारे वरिष्ठ नागरिक बोझ नहीं—बल्कि अनुभव, संस्कृति और धैर्य के जीवंत स्रोत हैं। यदि परिवार, समाज और सरकार मिलकर संवेदनशील ढंग से काम करें, तो हम बढ़ती उम्र को सम्मान और सक्रियता का अवसर बना सकते हैं।

और यही वह उद्देश्य है जिसके लिए “नेवर से रिटायर्ड” जैसी पहलें काम करती हैं। वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय रहने, सीखते रहने, सामाजिक रूप से जुड़े रहने और गरिमा के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना—अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है। “नेवर से रिटायर्ड” का मिशन यही याद दिलाना है कि उम्र अंत नहीं, बल्कि नए उद्देश्य और सार्थक योगदान का एक नया अध्याय है।